लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में लगातार खराब हो रही बिजली व्यवस्था को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बलदेव विहार, मवैया और देवीखेड़ा इलाके के सैकड़ों निवासी सड़क पर उतर आए और रायबरेली रोड पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गायब रहने से घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की सेहत और छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग केवल आश्वासन देता रहा, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
गुस्साए लोगों ने रायबरेली रोड पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। बाद में अधिकारियों द्वारा जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी के मुकाबले बिजली व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया है, जिसके कारण आए दिन फॉल्ट और कटौती की समस्या सामने आती रहती है। लोगों ने ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने और बिजली लाइनों की मरम्मत की मांग की है।


