सिगरा थाना क्षेत्र स्थित विनायक प्लाजा की दूसरी मंजिल पर शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस को मौके से मिले आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान भरत खन्ना के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है। आईडी कार्ड पर तमिल भाषा में विवरण दर्ज होने के कारण माना जा रहा है कि मृतक दक्षिण भारत के किसी राज्य का निवासी था।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि मृतक के शरीर पर ब्लेड से कटने के कई निशान मिले हैं, जिनमें कुछ पुराने घाव और खरोंचें भी शामिल हैं। घटनास्थल से बरामद एक डायरी में “सॉरी” लिखा नोट मिला है, जिसे पुलिस शुरुआती तौर पर सुसाइड नोट मानकर जांच कर रही है।पुलिस को डायरी में कुछ मोबाइल नंबर भी मिले हैं, जिनके माध्यम से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच की जा रही है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कब और कैसे पहुंचा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के पहुंचने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

