वाराणसी नगर निगम की बड़ी राहत: हाउस टैक्स पर 12% तक छूट, नए क्षेत्रों में विकास कार्य तेज

वाराणसी नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए गृह कर, जल कर और सीवर कर पर विशेष छूट योजना लागू की है। नगर निगम के अनुसार 8 मई से 15 जुलाई के बीच टैक्स जमा करने वाले नागरिकों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं ऑनलाइन भुगतान करने पर अतिरिक्त 2 प्रतिशत की रियायत भी मिलेगी। इस तरह ऑनलाइन टैक्स जमा करने वाले लोगों को कुल 12 प्रतिशत तक का लाभ प्राप्त होगा।नगर निगम ने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए विशेष राहत की भी घोषणा की है। 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों और दृष्टिहीन नागरिकों को नगर निगम करों में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित नागरिकों के नाम पर दर्ज मकानों पर 50 प्रतिशत टैक्स छूट का प्रावधान किया गया है।

नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में नगर निगम की कुल आय 415 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक रही। उपलब्धि के मामले में वाराणसी नगर निगम ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में नगर निगम की आय 254 करोड़ रुपये थी, जबकि अब इसमें 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। नगर निगम ने इस वर्ष 500 करोड़ रुपये से अधिक की आय का लक्ष्य रखा है, जिसे बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।नगर आयुक्त ने नागरिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठाने और शहर के विकास में सहयोग करने की अपील की है।



Post a Comment

Previous Post Next Post