पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय के काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उनके वाहन के पास पहुंचकर “चोर-चोर” के नारे लगाए और इस दौरान कथित रूप से काफिले पर अंडे भी फेंके गए।सूत्रों के अनुसार, सौगत रॉय निमता थाना क्षेत्र में टीएमसी पार्षदों पर हुए कथित हमलों के खिलाफ एक ज्ञापन देने पहुंचे थे। वे पुलिस से शिकायत दर्ज कराने के बाद जैसे ही थाने से बाहर निकले, तभी बाहर मौजूद भीड़ ने विरोध तेज कर दिया।
स्थिति अचानक बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने काफिले को घेर लिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच कुछ लोगों ने वाहन की ओर अंडे फेंके, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। सुरक्षा बलों ने सांसद को सुरक्षित वहां से रवाना कराया।
इस घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। राजनीतिक दलों के बीच इस घटना को लेकर बयानबाजी भी शुरू हो गई है, जहां टीएमसी इसे सुनियोजित हमला बता रही है, वहीं विपक्ष इसे जनता का आक्रोश करार दे रहा है।


.jpeg)