वाराणसी में एक विदेशी महिला और स्थानीय युवक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना रविवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।जानकारी के अनुसार, नारद घाट जाने वाली एक संकरी गली में एक रशियन महिला घायल पपी (कुत्ते के बच्चे) को गोद में लेकर खड़ी थी। पपी का एक पैर गंभीर रूप से जख्मी था और उससे खून बह रहा था। महिला मौके पर मौजूद एक युवक पर पपी की टांग तोड़ने का आरोप लगा रही थी।
इस दौरान महिला गुस्से में युवक पर चिल्लाने लगी और उसे गालियां देने लगी। आसपास मौजूद लोग घटना को देखते रहे, वहीं कुछ लोग हंसते भी नजर आए, जिससे महिला और अधिक आक्रोशित हो गई। युवक द्वारा जवाब देने पर विवाद और बढ़ गया।बताया जा रहा है कि महिला की पहचान ‘पिंक नताशा’ के रूप में हुई है, जो रूस की कंटेंट क्रिएटर और एनिमल रेस्क्यू से जुड़ी सोशल वर्कर हैं। वह पिछले करीब 10 वर्षों से वाराणसी आती-जाती रहती हैं और नारद घाट क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस में ठहरती हैं।पिंक नताशा बेसहारा कुत्तों की देखभाल के लिए जानी जाती हैं। वह उनके इलाज, भोजन और ठंड से बचाव का इंतजाम करती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अक्सर साधु-संतों के साथ समय बिताती नजर आती हैं और भारतीय परंपराओं से भी जुड़ी हुई हैं।फिलहाल इस मामले में किसी आधिकारिक शिकायत या पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।


