रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने धमाकेदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नाबाद 105 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को 6 विकेट से यादगार जीत दिलाई।पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 192 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत ज्यादा मजबूत नहीं रही और जैकब बेथल 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 92 रन की अहम साझेदारी की। पडिक्कल 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे, लेकिन कोहली अंत तक डटे रहे और टीम को जीत तक पहुंचाया।
इस मैच में लगाया गया यह शतक विराट कोहली के IPL करियर का 9वां शतक रहा। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोहली अब टी20 क्रिकेट में कुल 10 शतक लगा चुके हैं, जिसमें एक शतक टी20 इंटरनेशनल में इंडिया नैशनल क्रिकेट टीम की ओर से 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ आया था।

