राजधानी लखनऊ में बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार सुबह से ही बजरंगबली के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर, पुराने हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, हनुमंतधाम, गुलाचीन, लेटे हनुमान मंदिर और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों में सुबह से भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन के बाद गाय को प्रसाद खिलाया, जबकि महिलाओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
बड़े मंगल पर दर्शन करने के लिए एक श्रद्धालु 1200 किलोमीटर दूर हैदराबाद से लखनऊ पहुंचा। उसने बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। शहरभर में भंडारों का भी आयोजन किया गया। लगभग हर गली और मोहल्ले में टेंट-शामियाने लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी-सब्जी, शर्बत, आइस्क्रीम और अन्य प्रसाद वितरित किया गया। गोमतीनगर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी की ओर से भी भंडारे का आयोजन किया गया।
बड़े मंगल के अवसर पर पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का माहौल देखने को मिला। प्रशासन की ओर से भी प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए गए।


