वाराणसी। पर्यटकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दशाश्वमेध थाना पुलिस एवं जल पुलिस की संयुक्त टीम ने दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा की रेती पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेती पर बैठे लोगों तथा घोड़ा-ऊंट संचालकों की सघन जांच की गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष दशाश्वमेध संतोष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी अनुजमणि तिवारी तथा जल पुलिस प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से किया। पुलिस टीम ने रेती पर मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। वहीं घोड़ा एवं ऊंट संचालकों को भी पर्यटकों की सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
अचानक पुलिस टीम के रेती पर पहुंचने से अनावश्यक रूप से बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग तत्काल वहां से हटते नजर आए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पर्यटकों की सुरक्षा तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया।
गौरतलब है कि दशाश्वमेध घाट के सामने स्थित रेती का क्षेत्र प्रशासनिक रूप से जनपद चंदौली के थाना मुगलसराय के अंतर्गत आता है। इसके बावजूद वाराणसी पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वहां विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सतर्कता और समन्वय का परिचय दिया।



