नगर निगम के नॉनवेज बिक्री प्रतिबंध के विरोध में उतरी आम आदमी पार्टी, 30 जून को करेगी प्रदर्शन

वाराणसी। नगर निगम द्वारा शहर में कच्चे मांस, मछली एवं चिकन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के आदेश का आम आदमी पार्टी ने विरोध किया है। पार्टी ने इस फैसले को गरीब एवं छोटे कारोबारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए 30 जून को नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन करने और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया है।

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने सोमवार को कहा कि नगर निगम प्रशासन ने सरकार के संरक्षण में “तुगलकी फरमान” जारी किया है। उनका आरोप है कि इस निर्णय से शहर के छोटे मांस विक्रेताओं और गरीब तबके के लोगों की आजीविका प्रभावित होगी, जबकि बड़े कारोबारी और उद्योगपति इससे लाभान्वित होंगे।उन्होंने कहा कि नगर निगम का आदेश केवल कच्चे मांस की बिक्री पर लागू किया गया है, जबकि शहर में कई स्थानों पर पका हुआ नॉनवेज खुलेआम बेचा जा रहा है। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई दोहरे मानदंड को दर्शाती है।

कैलाश पटेल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मंगलवार, 30 जून को नगर निगम पहुंचकर नगर आयुक्त से मुलाकात करेंगे, आदेश के विरोध में प्रदर्शन करेंगे तथा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रतिबंध वापस लेने की मांग करेंगे।पार्टी का कहना है कि यदि छोटे कारोबारियों के हितों की अनदेखी की गई तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।







Post a Comment

Previous Post Next Post