अमेरिका भागने की फिराक में करोड़ों की ठगी का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी राहुल कुमार सिंह उर्फ आकाश सिंह को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया। वह अमेरिका भागने की तैयारी में था, लेकिन पहले से जारी लुक आउट नोटिस के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया।कुशीनगर निवासी राहुल ने गोरखपुर के कैम्पियरगंज क्षेत्र में स्काई टूर एंड ट्रैवल्स नाम से सेंटर खोल रखा था। आरोप है कि वह विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये वसूलता था, लेकिन न तो वीजा देता था और न ही किसी को विदेश भेजता था।

उसके खिलाफ गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज में कई धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने विदेश भागने की आशंका को देखते हुए वर्ष 2025 में उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कराया था। अमेरिका जाने के प्रयास के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी पहचान होने के बाद गोरखपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाई और अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ फर्जी वीजा, टिकट और विदेश भेजने के नाम पर ठगी के कई मामले दर्ज हैं। गोरखपुर पुलिस ने बताया कि लुक आउट नोटिस के जरिए अब तक 10 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 12 अन्य आरोपी अभी भी विदेश में छिपे हुए हैं।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post