किन्नर आश्रम की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन, 15 दिन में कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी

किन्नर समाज के उत्थान एवं कल्याण के लिए कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ता सलमा किन्नर ने वाराणसी में किन्नर आश्रम की स्थापना की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में जनपद में किन्नर (ट्रांसजेंडर) समुदाय के लिए स्थायी आश्रय स्थल उपलब्ध कराने हेतु शासकीय भूमि अथवा उपयुक्त भवन उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है।ज्ञापन में कहा गया है कि वाराणसी विश्व प्रसिद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक नगरी है, जहां प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग भी आते हैं। इसके बावजूद जनपद में किन्नर समुदाय के लिए कोई स्थायी आश्रय स्थल, पुनर्वास केंद्र या सुरक्षित आवास की व्यवस्था नहीं है।सलमा किन्नर ने बताया कि किन्नर समुदाय के अनेक सदस्य परिवार से अलगाव, सामाजिक भेदभाव, आवास की कमी, शिक्षा और रोजगार के अभाव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। विशेष रूप से वृद्ध, बीमार और निराश्रित ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए रहने की सुरक्षित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें अस्थायी स्थानों पर जीवन यापन करना पड़ता है।

ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से जनहित एवं मानवीय आधार पर वाराणसी में "किन्नर आश्रम" की स्थापना हेतु आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि ज्ञापन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर इस संबंध में कोई सकारात्मक एवं लिखित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो किन्नर समाज की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय अथवा प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।सलमा किन्नर ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस महत्वपूर्ण सामाजिक और मानवीय मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए वाराणसी में किन्नर आश्रम की स्थापना की दिशा में शीघ्र निर्णय लेगा।






Post a Comment

Previous Post Next Post