कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। प्रशासन द्वारा चिन्हित 18 दुकानों पर सोमवार से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा।जानकारी के अनुसार संबंधित दुकानदारों को करीब छह माह पूर्व नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि के भीतर निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद अब प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई का निर्णय लिया है।
अभियान के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रहेगी, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में मौजूद अन्य अवैध होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और निर्माण भी जांच के दायरे में हैं। आवश्यक निर्देश मिलने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अवैध निर्माणों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


