बिहार के गोपालगंज जिले में मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित एम्स में रेफर किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले की मुख्य वजह बताया जा रहा है। बताया जाता है कि हमलावर पड़ोस के ही लोग हैं, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इलाके में इस हमले के बाद तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है, जो लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही, परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। उल्लेखनीय है कि बेलसंड गांव अभिनेता पंकज त्रिपाठी का पैतृक गांव है, जहां वह समय-समय पर आते रहते हैं।


