सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी स्थित टवेरा वाली गली में रात हवाई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। रात करीब 2:10 बजे बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे एक युवक ने असलहा निकालकर हवा में फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान एक युवक की पिटाई भी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी घटना से नाराज होकर देर रात एक युवक बुलेट से मौके पर पहुंचा और हवाई फायरिंग कर दी।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया और जांच शुरू कर दी।
रोडवेज पुलिस चौकी के कार्यवाहक प्रभारी प्रशांत कुमार बंधु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का संबंध पहले हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


