काशी की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़ी पंचकोशी परिक्रमा में सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शामिल हुए। उन्होंने मणिकर्णिका घाट से विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर पंचकोशी यात्रा का शुभारंभ किया और देशभर में सुख, शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामना का संकल्प लिया।यात्रा के दौरान अजय राय ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद गंगा घाट पर डंडी स्वामियों, आचार्यों, संत-महात्माओं एवं ब्राह्मण जनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पंचकोशी मार्ग पर विभिन्न पड़ावों पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजता रहा। इससे पूर्व अजय राय लहुराबीर स्थित अपने आवास से लाट भैरव क्षेत्र के बड़े गणेश मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में मत्था टेककर प्रदेश की खुशहाली, सामाजिक समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
अजय राय ने कहा कि पंचकोशी परिक्रमा काशी की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और जनकल्याण का संदेश भी देती है। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और धार्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ परिक्रमा में भाग लिया।


