काशी के लिए गौरव का क्षण: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन से जुड़े विश्वभूषण मिश्रा और डॉ. सुनील कुमार वर्मा बने आईएएस

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक सेवा में बड़ा फैसला लेते हुए 11 पीसीएस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) कैडर में पदोन्नत किया है। इस सूची में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से जुड़े वर्तमान और पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के नाम शामिल होने से वाराणसी में खुशी का माहौल है।पदोन्नत अधिकारियों में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा का नाम प्रमुख है। वर्ष 2012 बैच के पीसीएस अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा को उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं, कार्यकुशलता और अनुभव के आधार पर आईएएस कैडर में स्थान दिया गया है। उनके आईएएस बनने पर मंदिर प्रशासन और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।इसके अलावा डॉ. सुनील कुमार वर्मा को भी आईएएस पदोन्नति प्राप्त हुई है। डॉ. वर्मा पूर्व में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के सचिव तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह लखनऊ में अतिरिक्त आयुक्त (जीएसटी) के पद पर कार्यरत हैं।

आईएएस पदोन्नति पाने वाले अन्य अधिकारियों में अतुल कुमार, अमित सिंह, प्रियंका सिंह, अमित कुमार, गरिमा स्वरूप, संदीप कुमार, राकेश कुमार सिंह और डॉ. वैभव शर्मा शामिल हैं। इन अधिकारियों ने विभिन्न विभागों और जनपदों में अपनी प्रशासनिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।जानकारी के अनुसार, पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड, कार्यकुशलता, प्रशासनिक क्षमता और उपलब्धियों का मूल्यांकन किया गया। आईएएस कैडर में शामिल होने के बाद इन अधिकारियों को शासन और प्रशासन में और अधिक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना है।वाराणसी के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन से जुड़े दो अधिकारियों को एक साथ आईएएस पदोन्नति मिली है। इसे काशी के प्रशासनिक और संस्थागत योगदान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। 





Post a Comment

Previous Post Next Post