स्मार्ट सिटी काशी के तहत वाराणसी नगर निगम शहर के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत करने में जुटा है। इसी क्रम में प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया है। नगर निगम अब मणिकर्णिका महाश्मशान घाट के समीप टू-व्हीलर पार्किंग का निर्माण कराएगा, जबकि सारनाथ में हाईटेक ऑटोमैटिक स्लाइडिंग पार्किंग विकसित की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वाराणसी धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर के महत्वपूर्ण स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत यातायात और पार्किंग संकट को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम ने मणिकर्णिका महाश्मशान घाट के पास लगभग 48.88 करोड़ रुपये की लागत से टू-व्हीलर पार्किंग बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस परियोजना का उद्देश्य घाट क्षेत्र में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना और आसपास की सब्जी मंडी तथा संकरी गलियों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। इसके अलावा, पिशाचमोचन कुंड पर पितृपक्ष के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 2.34 करोड़ रुपये की लागत से ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है। वहीं, विदेशी पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण सारनाथ में आधुनिक ऑटोमैटिक स्लाइडिंग (पजल) पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
नगर आयुक्त के अनुसार, बजट निर्धारण के बाद इसकी डीपीआर शासन को भेजी जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद पर्यटकों के वाहनों का सड़क किनारे जमावड़ा कम होगा और क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। नगर निगम शहर के 15 प्रमुख चौराहों और तिराहों के सुंदरीकरण का कार्य भी करा रहा है। इस क्रम में मिंट हाउस और नदेसर तिराहे पर कार्य शुरू हो चुका है। पहले चरण में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कचहरी, पुलिस लाइन, सुंदरपुर और भिखारीपुर चौराहों का कायाकल्प किया जा चुका है। नगर निगम का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद वाराणसी में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित और आधुनिक बनेगी, जिससे काशी की पहचान एक स्मार्ट और सुविधासंपन्न धार्मिक नगरी के रूप में और मजबूत होगी।


