मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित बरेका में चोरों ने एक पान की दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार, बरेका सिनेमा हॉल के सामने स्थित किशन पान भंडार के संचालक अखिलेश उर्फ गुड्डू बुधवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह दुकान पहुंचने पर उन्होंने ताला टूटा देखा। अंदर जांच करने पर दराज में रखी नकदी और अन्य सामान गायब मिला।पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोर करीब 12 से 14 हजार रुपये मूल्य की नकदी और सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इसके बाद उन्होंने बरेका पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी दुकान में दो बार चोरी का प्रयास हो चुका है। वहीं कुछ माह पूर्व पास की एक दही-लस्सी की दुकान से भी नकदी चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से व्यापारियों में भय और नाराजगी का माहौल है।व्यापारियों का आरोप है कि बरेका जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस और आरपीएफ की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


