काशीपुर में युवतियों से मारपीट का आरोप, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव में दो युवतियों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही एक पिता-पुत्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।परिजनों के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है, जब आशीष पटेल घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के आयुष पटेल ने उसे रास्ते में रोककर विवाद शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी बहनें संगम कुमारी (26) और मोना पटेल (18) भी विवाद में घिर गईं।

आरोप है कि आयुष पटेल ने दोनों युवतियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की। कुछ ही देर में उसका पिता दिलीप पटेल भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर युवतियों के साथ कथित रूप से हाथापाई की। परिजनों का कहना है कि दोनों बहनों को जमीन पर गिराकर पीटा गया और गला दबाने की भी कोशिश की गई। इस दौरान उनकी मां शीला देवी को भी धमकाया गया।घटना के बाद पीड़ित परिवार पहले मातलदेई चौकी और फिर राजातालाब थाने पहुंचा, लेकिन उनका आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। परिवार का कहना है कि आरोपियों के प्रभाव के चलते पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई।

पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि बिना प्राथमिकी दर्ज किए ही उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। इससे परिवार को रातभर थाने और अस्पताल के चक्कर लगाने पड़े।पीड़िता शीला देवी ने उच्चाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज है और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। 



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post