वाराणसी। वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच BRICS देशों के प्रतिनिधि काशी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक भारतीय अंदाज में स्वागत किया गया। BRICS संस्कृति कार्य समूह की बैठक में भाग लेने के लिए आए ईरान, यूएई समेत विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत का अनुभव किया। प्रतिनिधियों के स्वागत के दौरान लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत कार्यक्रमों ने विदेशी मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति समाप्त होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और प्रतिनिधियों ने कलाकारों की सराहना की।
दो दिवसीय BRICS सांस्कृतिक कार्य समूह की बैठक में सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। इस आयोजन में भारत सहित 11 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान-यूएई के बीच हाल के कूटनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, BRICS मंच सांस्कृतिक संवाद और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने का अवसर प्रदान कर रहा है। काशी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय बैठक के जरिए भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक साझेदारी को नई दिशा देने का प्रयास कर रहा है।


