पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पारदर्शी व सुरक्षित आयोजन के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए। परीक्षार्थियों की गरिमा का ध्यान रखते हुए महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अलग इनक्लोजर में कराई जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में केवल वैध प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और निर्धारित पेन के साथ ही प्रवेश मिलेगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, यूएसबी ड्राइव, कैलकुलेटर, वॉलेट, ज्वेलरी समेत अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को केंद्र परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।पुलिस आयुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ई-केवाईसी, चेकिंग और फ्रिस्किंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा नकल माफियाओं और संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर बनाए रखने को कहा।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या परीक्षा में व्यवधान की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post