सारंग तालाब, पांडेयपुर स्थित ठाकुर जी की बगिया में एक माह तक चले श्रीरामचरितमानस मास परायण कथा का समापन भक्ति और सेवा के भाव के साथ हुआ। केशरवानी वैश्य नगर सभा एवं भगेलू साव सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संगीतमय सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह वैदिक मंत्रोच्चार एवं ब्राह्मण भोजन के बाद अन्नपूर्णा सेवा के तहत भंडारा शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। श्रद्धालु जहां प्रसाद ग्रहण कर रहे थे, वहीं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भोजन और जल सेवा में जुटे रहे। पूरे परिसर में रामनाम की गूंज और भक्ति का माहौल बना रहा।
आयोजकों ने कहा कि रामकथा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव और संस्कारों का प्रसार करना है। इस अवसर पर सभा एवं समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनुपम संदेश दिया।


