जयपुर में शनिवार को शहीद स्मारक पर हुए एक बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को कुछ युवकों ने थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जयपुर के शहीद स्मारक पर शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर भारी संख्या में युवा इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान नारेबाजी के बीच कुछ युवक आपस में भिड़ गए और मामला अचानक हिंसक हो गया। इसी तनावपूर्ण स्थिति में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके पर दो युवकों ने हमला कर थप्पड़ मार दिए।
घटना के बाद पार्टी के समर्थकों ने हमलावर दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश की। मामले के दौरान पुलिस ने एक युवक को कस्टडी में लिया है। धरनास्थल पर कुछ प्रदर्शनकारियों के मोबाइल चोरी होने की भी शिकायत सामने आई, जिसके बाद मंच से लोगों को अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई।
प्रदर्शनकारी युवाओं ने “पेपर लीक बंद करो”, “भ्रष्टाचार अस्वीकार है” जैसे नारे लिखे पोस्टर और तिरंगा लेकर विरोध जताया। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। इससे पहले CJP वॉलंटियर्स ने स्थल के गेट पर “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और एक प्रतीकात्मक स्केच बनाकर विरोध दर्ज कराया। पूरे घटनाक्रम ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण से टकरावपूर्ण स्थिति में बदल दिया, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गई है।


