गंगा में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन मामले के पांच आरोपितों को जमानत

मां गंगा में नाव पर नॉनवेज पार्टी करने और शराब सेवन के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों को अदालत से राहत मिल गई है। कार्यपालक मजिस्ट्रेट/सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय की अदालत ने सभी आरोपितों को 20-20 हजार रुपये की दो-दो जमानतें एवं बंधपत्र प्रस्तुत करने पर रिहा करने का आदेश दिया।जमानत पाने वालों में सूजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद तथा बंधा रोड, सूजाबाद निवासी राहुल साहनी शामिल हैं। मामले में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता ने पैरवी की।

गौरतलब है कि मां गंगा में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त नाव को भी सीज कर दिया था।पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो मान मंदिर घाट क्षेत्र का था और करीब छह माह पुराना बताया गया। वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था।अब अदालत से जमानत मिलने के बाद सभी आरोपितों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post