वाराणसी। महीने के सातवें बड़े मंगलवार के अवसर पर लहुराबीर क्षेत्र में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट और लहुराबीर व्यापार समिति के संयुक्त तत्वावधान में लहुराबीर चौराहे के समीप आयोजित हुआ, जहां श्री राम भक्त पवनसुत महावीर हनुमान को भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं शरबत वितरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की आराधना और हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। मुख्य अतिथि चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष नारायण खेमका ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। उनके साथ लहुराबीर व्यवसायी समिति के अध्यक्ष रजनीश कनौजिया और अग्रवाल महासभा के संरक्षक संतोष अग्रवाल भी मौजूद रहे।
पूजन के उपरांत घुघनी, हलुआ और शरबत का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ यह भंडारा लगभग पांच घंटे तक निरंतर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों और ऑटो-रिक्शा चालकों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस सेवा कार्य में अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रद्युम्न अग्रवाल, महामंत्री आमोद अग्रवाल, लोहामंडी व्यापार मंडल के महामंत्री दिनेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।


