लखनऊ के ऐशबाग जंक्शन पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर जा रही राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और प्लेटफॉर्म नंबर-1 को सील कर सघन जांच शुरू कर दी।
सुबह करीब 10 बजे ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर सभी बोगियों, यात्रियों के सामान और लगेज यान की बारीकी से तलाशी ली गई। लगभग एक घंटे तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने सूचना को अफवाह मानते हुए ट्रेन को सुबह 11 बजे गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया।
जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 और स्टेशन परिसर की भी तलाशी ली गई तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। वहीं, एस-2 कोच के जिस यात्री ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी, उससे जीआरपी पूछताछ कर रही है। यात्री ने दावा किया था कि कुछ लोगों की बातचीत से उसे बोगी में बम होने की आशंका हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


