उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावली थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के नौकरी करने से नाराज पति पुष्पेंद्र सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी मीनू की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मीनू पिछले पांच महीनों से हरिद्वार की एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। तीन दिन पहले मीनू घर लौटी थी, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। सोमवार को हुए झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आरोपी पति और उसकी लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


