वृंदावन इस्कॉन मंदिर के बाहर कूलर में उतरे करंट से युवक की मौत, बेटे को बचाने दौड़े पिता भी झुलसे

मथुरा के वृंदावन स्थित इस्कॉन  मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लगे नगर निगम के वाटर स्प्रे कूलर में करंट उतरने से मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 21 वर्षीय अभिज्ञान गुप्ता की मौत हो गई। रविवार दोपहर दर्शन के लिए पहुंचे अभिज्ञान कूलर के नीचे चप्पल उतार रहे थे, तभी वे करंट की चपेट में आ गए और उससे चिपक गए।बेटे को करंट लगते देख पिता अनिल गुप्ता उसे बचाने दौड़े, लेकिन उन्हें भी बिजली का झटका लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को कूलर से अलग किया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अभिज्ञान को मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा लगाए गए कूलर में करंट उतरने के कारण हुआ। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नगर निगम की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखने को मिली।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कूलर व बिजली कनेक्शन की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे के बाद लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाने वाले बिजली उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post