अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पैरोकार इकबाल अंसारी ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि "भगवान का पैसा कहीं नहीं जाएगा, भगवान स्वयं अपने पैसे को ढूंढ लेंगे।" अंसारी ने योगी सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर भरोसा जताते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि राम मंदिर का चढ़ावा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और प्रत्येक रुपये की जवाबदेही तय होना आवश्यक है। यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए।
मामले की जांच के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। यह टीम दानपात्रों से जुड़े आरोपों की जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। ट्रस्ट का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि मंदिर की छवि और श्रद्धालुओं की आस्था बनी रहे।


