बांदा जिले की पैलानी थाना पुलिस ने वर्ष 1984 के हत्या मामले में 40 साल से फरार चल रहे आरोपी कल्लू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सिंधन कला गांव निवासी 63 वर्षीय कल्लू सिंह हत्या के मामले में जेल गया था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया और फतेहपुर में भेष बदलकर रहने लगा।
पुलिस के अनुसार, फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र में वर्ष 1992 में उसने एक और हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा मिली। जनवरी 2025 में नैनी केंद्रीय कारागार से रिहा होने के बाद वह फिर से छिपकर रह रहा था। इस बीच बांदा के 1984 के हत्या मामले में उसके खिलाफ हाईकोर्ट से लगातार वारंट जारी हो रहे थे।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि कल्लू सिंह कानाखेड़ा गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब 40 वर्षों में वह कभी बांदा नहीं लौटा था और पहली बार जिले में कदम रखते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


