सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने जनरल स्टोर कारोबारी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी की मंगलवार सुबह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के एंगल से जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार रोहनियां थाना क्षेत्र के अवलेशपुर निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र कुमार पटेल जनरल स्टोर का व्यवसाय करते थे। सोमवार रात वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अखरी स्थित सौरव विहार कॉलोनी के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उनके सिर के पास से निकल गई जबकि दूसरी गोली पीठ में जा लगी। गोली लगने के बावजूद जितेंद्र ने हिम्मत नहीं हारी और खुद बाइक चलाकर किसी तरह अपने घर पहुंचे। घर पहुंचकर उन्होंने अपनी मां सुदामा देवी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद भी परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही रोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका सामने आई है। परिजनों का कहना है कि बबुरी क्षेत्र में स्थित एक जमीन को लेकर पिछले करीब दो वर्षों से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।पुलिस अब इस विवाद से जुड़े सभी पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।जितेंद्र कुमार पटेल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की प्रमुख जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।


