मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली करेंसी के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 13 लाख 95 हजार 600 रुपये मूल्य के 500 और 100 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि सोमवार को अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के अनुसार, प्रधान मैरिज लॉन चौराहे के पास घैला पुल से पहले एक खाली मैदान में बने टीन शेड के निकट तीन युवक नकली नोटों के साथ किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन निवासी आलोक सिंह (21), मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मुबारक पट्टी वनकट निवासी सोनू गोंड उर्फ गोलू (25) तथा सिधारी थाना क्षेत्र के सारगढ़ निवासी वृजेश विश्वकर्मा (35) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 1,402 जाली नोट और 100 रुपये के 6,946 जाली नोट बरामद किए।


