ईरान और इजराइल के बीच अप्रैल में हुए सीजफायर के दो महीने बाद एक बार फिर तनाव युद्ध में बदल गया है। रविवार रात ईरान ने इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर इजराइली हमलों के जवाब में की गई। हमले के जवाब में इजराइल ने ईरान के कई सैन्य और रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया। ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। वहीं, IRGC का दावा है कि इजराइल ने अपने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
इस बीच, अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट में ओमान तट के पास एक जहाज पर हमले की खबर सामने आई है। भारतीय नाविकों के संगठन फॉरवर्ड सीमैन्स यूनियन ऑफ इंडिया के मुताबिक, जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार हैं। नाविकों ने वीडियो जारी कर भारतीय नौसेना और सरकार से तत्काल सहायता की गुहार लगाई है।
क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या देश छोड़ने की सलाह दी है।


