काशी में सीएम योगी का बड़ा संदेश: वैश्विक संकट में भी भारत मजबूत, लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी के चौकाघाट स्थित गिरिजादेवी सांस्कृतिक संकुल सभागार में आयोजित जनकल्याण शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया गया था।इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, क्रेडिट कार्ड और प्रमाण पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री के हाथों लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, असुरक्षा और अविश्वास का माहौल था, लेकिन आज भारत एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है।

वैश्विक आर्थिक हालात पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश में भी महंगाई चार गुना तक बढ़ चुकी है, जबकि भारत प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है।काशी के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है और पर्यटन तेजी से बढ़ा है। आधुनिक रेल सुविधाएं, वंदे भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनों का संचालन देश की प्रगति का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने रोपवे परियोजना को काशी के लिए नया परिवर्तनकारी मॉडल बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों को सहायता प्रदान की, जिनमें स्ट्रीट वेंडर्स को पथ विक्रय प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण, युवा उद्यमी योजना के तहत आर्थिक सहयोग तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत सिलाई मशीनें शामिल हैं।इस अवसर पर राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन भी किया।







Post a Comment

Previous Post Next Post