मुजफ्फरपुर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन लोग हुए घायल

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। साहेबगंज नगर परिषद के परसौनी जहांगीर वार्ड-21 में सोमवार रात दरवाजा कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग में तीन लोगों को गोली लग गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।घायलों में परसौनी जहांगीर निवासी 35 वर्षीय टेंट व्यवसायी अनिल पासवान शामिल हैं, जिनके बाएं घुटने में गोली लगी है। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज मोतिहारी और मुजफ्फरपुर के अलग-अलग अस्पतालों में कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के जगीराहां गांव से बारात मुकेश पाठक के घर आई थी। दरवाजा कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गानों पर नृत्य चल रहा था। इसी बीच एक युवक ने कथित तौर पर अवैध हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आरोपी युवक नशे की हालत में था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है। वहीं यह भी आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले घटनास्थल से कारतूस के खोखे हटा दिए गए थे। मामले की जांच जारी है।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post