पहले घटनास्थल का रिकंस्ट्रक्शन, फिर आरोपी की बाइक जब्त... पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी चेतन चौधरी की बाइक अपने कब्जे में ले ली है। जांच में यह माना जा रहा है कि वारदात के दौरान इसी बाइक का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही, घटना के समय पहनी गई हूडी और आरोपी की चाल (गेट) भी जांच के महत्वपूर्ण पहलू बन गए हैं।
पुलिस ने लोहागढ़ किले पर दोनों आरोपियों से घटनाक्रम का दोबारा प्रदर्शन कराया, ताकि हत्या के पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट रूप से समझा जा सके। रिकंस्ट्रक्शन के दौरान पुलिस ने हर गतिविधि को बारीकी से रिकॉर्ड किया और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों का मिलान किया।
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा हूडी से ढका हुआ दिखाई देता है। ऐसे में पुलिस अब 'गेट एनालिसिस' की मदद ले रही है। आरोपी की चाल का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सीसीटीवी फुटेज से मिलाया जाएगा, जिससे उसकी पहचान को वैज्ञानिक तरीके से पुष्ट किया जा सके।
इसके अलावा पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर सबूत को जोड़कर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार की जाएगी, ताकि अदालत में हत्या की साजिश और उनकी भूमिका को प्रभावी ढंग से साबित किया जा सके।



