भेलूपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-75 स्थित भदैनी इलाके में गंदे पेयजल और जलभराव की समस्या से परेशान महिलाओं ने गली जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने घरों में आ रहे दूषित पानी को बोतलों में भरकर सड़क पर प्रदर्शन किया और नगर निगम व क्षेत्रीय पार्षद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवर और जलनिकासी व्यवस्था बदहाल है। हल्की बारिश होते ही गलियों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं पेयजल पाइपलाइन से गंदा और बदबूदार पानी आने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार नगर निगम और क्षेत्रीय पार्षद चल्लू यादव से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। उनका कहना है कि वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है और स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी बबिता ने बताया कि गंदे पानी और जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से मांग की कि क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर सीवर लाइन, जलनिकासी व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति की जांच कराई जाए तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।



