समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव अपने परिवार के साथ वाराणसी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपने बच्चों अदिति यादव, टीना यादव और अर्जुन यादव के साथ श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आरती में भाग लिया और बाबा काल भैरव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद शाम को दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्रियां टीना यादव और अदिति यादव तथा प्रिया सरोज शामिल हुईं। सभी ने वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और भव्य गंगा आरती का दर्शन किया।
गंगा आरती की दिव्यता से प्रभावित टीना यादव ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में लिखा, "भगवती मां गंगा की आरती ने मंत्रमुग्ध कर दिया। हम सभी को उनकी स्वच्छता के लिए कार्य करना चाहिए। भगवती मां गंगा मां स्वरूप हैं।"इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा और कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ने अतिथियों का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। सभी अतिथि लगभग एक घंटे तक दशाश्वमेध घाट पर मौजूद रहे और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का आध्यात्मिक अनुभव लिया।



