ईश्वरगंगी वार्ड के दारानगर-नवापुरा क्षेत्र स्थित खाली जमीन पर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित प्राथमिक विद्यालय के निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय पार्षद ने विरोध किया। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जैसे ही बुलडोजर मौके पर पहुंचा, क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विरोध के दौरान क्षेत्रीय पार्षद भैयालाल यादव अपने समर्थकों के साथ निर्माण स्थल पर बने गड्ढे में उतर गए और कार्य रुकवाने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया।
मौके पर नगर निगम के अधिकारी मृत्युंजय मिश्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को योजना की जानकारी देने का प्रयास किया, जबकि विरोध कर रहे लोगों ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए अपनी मांगों को रखा।फिलहाल पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।



