चंदौली पुलिस ने बरामद किए 111 खोए मोबाइल, 33.30 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए

चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए विभिन्न स्थानों से कुल 111 गुमशुदा और खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।बुधवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी लौट आई। मोबाइल धारकों ने चंदौली पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल से मिली सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम को गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए निर्देशित किया गया था। टीम ने तकनीकी संसाधनों और सतत प्रयासों के जरिए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।बरामद मोबाइलों में सबसे अधिक 27 मोबाइल सकलडीहा क्षेत्र से, 25 मोबाइल चंदौली कोतवाली क्षेत्र से तथा 12 मोबाइल मुगलसराय क्षेत्र से बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए।

इस अभियान में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।


Post a Comment

Previous Post Next Post