वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बुधवार को कर्मचारी परिषद एवं प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रशासनिक भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने की।बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं और कल्याणकारी मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित कर उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करना था। कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषय प्रशासन के समक्ष रखे, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने परिषद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके व्यावहारिक एवं शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण और कार्यसंतुष्टि किसी भी संस्थान की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद तथा सहयोग की भावना को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।बैठक में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार तथा महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कर्मचारी परिषद की ओर से संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव तथा परिषद सदस्य अमित कुमार, नवीन कुमार सिन्हा, श्रीकांत यादव, सुशील कुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार सिंह और मनीष कुमार सिंह ने भाग लिया। परिषद प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा।बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की गई।


