विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था डेयर द्वारा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर बाल श्रम के खिलाफ लोगों को जागरूक किया और हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया।रैली में संस्था के अनौपचारिक शिक्षा केंद्रों से जुड़े लगभग 100 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने विभिन्न नारों के माध्यम से समाज से अपील की कि बच्चों का स्थान स्कूल में है, न कि मजदूरी में।
संस्था के निदेशक फादर रॉबिन ने बताया कि डेयर वर्ष 2010 से कैंट, सिटी, काशी, सारनाथ, बनारस और शिवपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में रहने वाले बेसहारा, कूड़ा बीनने वाले और भीख मांगने वाले बच्चों के लिए कार्य कर रही है। संस्था द्वारा संचालित शिक्षा केंद्रों में प्रतिदिन 250 से 300 बच्चों को शिक्षा दी जाती है तथा अब तक 250 से अधिक बच्चों का विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश कराया जा चुका है।कार्यक्रम को सफल बनाने में रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी का भी सहयोग रहा। इस दौरान शिशु गृह अधीक्षिका सिस्टर मंजू, संस्था के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


