वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के मार्गदर्शन में तेजी से चल रही हैं। कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि इस वर्ष का दीक्षांत समारोह 'विगत दशक में भारत की उपलब्धियां' थीम तथा 'विकसित भारत : 2047 की आधारशिला' सब-थीम पर आधारित होगा। समारोह को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। दीक्षांत समारोह से पहले दीक्षोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत पारंपरिक खेल प्रतियोगिता, काव्य लेखन, निबंध लेखन, चित्रकला, अभिनय सहित देशभक्ति गीत, लोक नृत्य, भाषण प्रतियोगिता और मां-बेटी सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं छात्र-छात्राओं के लिए 'भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था कैसे बना', 'राज्य सरकार के दो अच्छे कार्य' और 'भारत सरकार के दो अच्छे कार्य' विषयों पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। कक्षा 9 से 12 तक के छात्र अपने गांवों में जल संरक्षण, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में किए गए सकारात्मक कार्यों पर भाषण देंगे। पांच गांवों के बीच आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में आनंदीबेन पटेल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 300 आंगनबाड़ी किट का वितरण भी किया जाएगा।


