यूपी के लखीमपुर जिले में फरधान थाना क्षेत्र के अग्गर बुजुर्ग गांव में दो समुदायों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भंडारे के आयोजन के दौरान ताजिए के साथ गुजर रहे लोगों के बाजा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, गांव में एक धार्मिक स्थल पर भंडारे का आयोजन हो रहा था। इसी दौरान एक समुदाय के लोग ताजिए के साथ बाजा बजाते हुए वहां से गुजर रहे थे। बाजे की आवाज और उड़ रही धूल को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।
सूचना मिलते ही फरधान और फूलबेहड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्राधिकारी सिटी विवेक तिवारी ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को समय रहते काबू में कर लिया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है और गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।


