नीट पेपर लीक समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा

लहुराबीर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने नीट परीक्षा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।पत्रकार वार्ता की शुरुआत लखनऊ में हाल ही में हुए कोचिंग अग्निकांड में मृत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद संजीव सिंह ने कहा कि वर्ष 2015 से लेकर अब तक कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय परीक्षाएं पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों से प्रभावित रही हैं, जिससे करोड़ों छात्रों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नीट, एसएससी, आरओ-एआरओ, लेखपाल, दरोगा और अन्य भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। कांग्रेस पार्टी छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए "छात्रों की गूंज" अभियान का समर्थन कर रही है।संजीव सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा बजट, निजीकरण और युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी को भी गंभीर चिंता का विषय बताया।

जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष ने बताया कि 10 जुलाई को प्रयागराज में आयोजित "शिक्षा बचाओ-भविष्य बचाओ" कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।पत्रकार वार्ता में फसाहत हुसैन बाबू, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, अब्दुल हमीद डोडे, मोहम्मद उज्जैर, किशन यादव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post