बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) पहली बार प्रतिष्ठित डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन गोल्फ टूर्नामेंट-2026 की मेजबानी करने जा रहा है। 16 से 18 जून तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के साथ बरेका गोल्फ कोर्स देश के पेशेवर गोल्फ मानचित्र पर अपनी पहचान दर्ज कराएगा।बरेका के उत्कृष्ट गोल्फ कोर्स और खेल सुविधाओं को देखते हुए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन के लिए वाराणसी का चयन किया है। टूर्नामेंट का उद्देश्य देश के उभरते गोल्फ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत 14 जून को प्रो-एम इवेंट आयोजित होगा, जिसमें बरेका के गोल्फरों और पेशेवर खिलाड़ियों की संयुक्त टीमें 9-होल मुकाबले में भाग लेंगी। 15 जून को खिलाड़ियों के लिए अभ्यास राउंड रखा गया है, जबकि 16 से 18 जून तक मुख्य प्रतियोगिता खेली जाएगी। अंतिम दिन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं बल्कि पूर्वी भारत में गोल्फ को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में इस आयोजन से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और गोल्फ खेल को नई पहचान प्राप्त होगी।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के आधिकारिक कैलेंडर में शामिल इस प्रतियोगिता को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और मीडिया माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार मिलेगा। इससे बरेका की खेल अवसंरचना, प्रबंधन क्षमता और भारतीय रेल की खेल प्रोत्साहन परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।यह आयोजन न केवल बरेका बल्कि पूरे वाराणसी के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है और खेल जगत में शहर की बढ़ती प्रतिष्ठा को और मजबूती प्रदान करेगा।


