बिहार के नवादा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां प्रशासनिक लापरवाही के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। शहर के हरिश्चंद्र स्टेडियम परिसर में खेलते समय 6 वर्षीय बच्चे पर अचानक लोहे का भारी गेट गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक बच्चे की पहचान हरिश्चंद्र स्टेडियम मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक रोज की तरह अपने साथियों के साथ स्टेडियम के पास खेल रहा था। इसी दौरान गेट नंबर-3 का जर्जर लोहे का पल्ला अचानक उखड़कर उसके ऊपर गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि स्टेडियम का रखरखाव लंबे समय से उपेक्षित था। गेट और दीवारें जर्जर हालत में थीं, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों ने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


