कबीर साहेब के 628वें प्रकटोत्सव के अवसर पर आयोजित बैठक में अंतर्राष्ट्रीय कबीर पंथ महासंघ ने बीफ कंपनी अल कबीर लिमिटेड के नाम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बदलने की मांग की। महासंघ ने कहा कि कंपनी के नाम से करोड़ों कबीरपंथियों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चुड़ामणि साहेब के मुख्य आतिथ्य तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत राधाकिशन सोलंकी साहेब की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान देश-विदेश से जुड़े कबीर पंथ के महंतों, संतों और अनुयायियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से कंपनी का नाम बदलवाने की मांग की।
महासंघ का कहना है कि जब तक कंपनी का नाम नहीं बदला जाता, तब तक संगठन देशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल के विरोध का विषय नहीं, बल्कि कबीर साहेब के नाम और करोड़ों अनुयायियों की आस्था से जुड़ा मामला है।
महासंघ ने भारत सरकार से मांग की कि कंपनी का नाम तत्काल परिवर्तित कराने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं, ताकि कबीरपंथियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित हो सके।



