वाराणसी में बढ़ी डायरिया के मरीजों की संख्या, मंडलीय अस्पताल में लग रही कतारें

भीषण गर्मी और हाल के दिनों में हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद शहर में उल्टी, दस्त और डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। बढ़ते मामलों के कारण मंडलीय अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। अस्पताल के वार्डों में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और खानपान में लापरवाही के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडलीय अस्पताल हीट वेव, डायरिया समेत अन्य सभी बीमारियों के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार है और अस्पताल में आवश्यक दवाओं, बेड तथा चिकित्सकीय सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।

डॉ. बृजेश कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और दूषित पेय पदार्थों के सेवन से बचें। उन्होंने लोगों को उबला हुआ या शुद्ध पानी पीने की सलाह दी। साथ ही कहा कि उल्टी-दस्त या डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें और स्वयं उपचार करने से बचें।स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने, स्वच्छ भोजन करने तथा शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है।





Post a Comment

Previous Post Next Post