रोपवे निर्माण और बढ़ती भीड़ से गोदौलिया में रोज लग रहा जाम, श्रद्धालु और व्यापारी परेशान

शहर में चल रहे रोपवे निर्माण कार्य के कारण गोदौलिया क्षेत्र में यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। पिछले एक वर्ष से निर्माण कार्य के चलते आम जनता को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बीते कुछ दिनों से नन्दी चौक से गोदौलिया चौराहे तक सड़क का एक बड़ा हिस्सा रोपवे निर्माण कार्य की जद में आ गया है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।शाम के समय गंगा आरती के बाद दशाश्वमेध घाट से लौटने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण गोदौलिया क्षेत्र में भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। सड़क संकरी होने और आवागमन का क्षेत्र सीमित हो जाने से लोगों को पैदल चलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिसकर्मी प्रतिदिन मौके पर मौजूद रहकर यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ और सीमित मार्ग के कारण जाम की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो पा रही है।क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक उनसे लगातार शिकायत कर रहे हैं। यात्रियों के अनुसार दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया चौराहे तक पहुंचने में अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि रोपवे निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके।




Post a Comment

Previous Post Next Post